कार्यो में शिथिलता बरतने पर महाराज ने अधिकारियों को लगाई फटकार 

0

 महाराज ने सम्भावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का किया स्थलीय निरीक्षण

हरिद्वार। पर्यटन तीर्थाटन एवं सिंचाई मंत्री सतपाल महाराज ने गंगा नदी के बहाव से गाँव को नुकसान ना पहुँचे इसके लिए विभागीय अधिकारियों को फटकार लागते हुए लापरवाही बरतने पर कार्यवाही किये जाने के दिए आदेश।
आज भी सतपाल महाराज द्वारा हरिद्वार में सम्भावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों- ग्राम कांगड़ी, गाजीवाली का स्थलीय निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान सिंचाई मंत्री सतपाल महाराज ने सबसे पहले कांगड़ी गांव के निकट के गंगा तटों को देखा, जहां से गंगा नदी के पानी के बहाव से गांव को नुकसान पहुंच सकता है। इस पर उन्होने सिंचाई विभाग के अधिकारियों से गंगा के बहाव को डायवर्ज करने के लिये पूर्व में दिये गये निर्देश पर अमल न किये जाने पर नाराजी जाहिर करते हुए कहा कि अभी तक कार्य प्रारम्भ क्यों नहीं किया। इस पर सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने कहा कि कल से ही गंगा के बहाव के डायवर्जन का कार्य प्रारम्भ हो जायेगा। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए निर्देश दिये कि वे कार्य में तेजी लायें अन्यथा सख्त कार्रवाई की जायेगी। इसके बाद उन्होंने ग्राम गाजीवाली में भी संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया।
सिंचाई मंत्री श्री महाराज ने ग्राम कांगड़ी एवं गाजीवाली आदि में गंगा नदी से बाढ़ सुरक्षा हेतु जो कार्य स्वीकृत व प्रस्तावित हैं, उनके बारे में जानकारी देते हुये बताया कि ग्राम कांगड़ी में गंगा नदी की जलधारा को मोड़ने के लिए क्यूनेट के निर्माण हेतु रूपये 9.89 लाख की धनराशि स्वीकृत की गयी है, कांगड़ी ग्राम में 400 मीटर लम्बाई में गंगा नदी की धारा को मोड़ने के लिए चैनेलाईजेशन के कार्य हेतु दो योजनायें, जिनकी लागत क्रमशः रू0 9.78 लाख एवं  रू0 9.90 लाख की है, स्वीकृति के लिए प्रस्तावित की गयी हैं।
पर्यटन तीर्थाटन एवं सिंचाई मंत्री ने यह भी बताया कि ग्राम गाजीवाली में पूर्व निर्मित स्पर की मरम्मत का कार्य लागत रूपये 9.60 लाख, पूर्व निर्मित दो क्षतिग्रस्त स्परों का विस्तारीकरण लागत क्रमशः रूपये 9.06 लाख एवं रूपये 6.80 लाख, ग्राम सजनपुर पीली में भूमि कटाव की रोकथाम हेतु बाढ़ सुरक्षा कार्य हेतु रूपये 9.51 लाख एवं ग्राम बसोचन्दपुर गैण्डीखाता में कृष्णायन गौशाला का बाढ़ सुरक्षा कार्य रूपये 7.26 लाख की धनराशि स्वीकृत की गयी है। इसके अतिरिक्त उन्होने बताया कि ग्राम गाजीवाली में 600 मीटर लम्बाई में गंगा नदी की धाराओं को मोड़ने के लिये चैनेलाईजेशन कार्य हेतु तीन योजनायें, जिनकी लागत क्रमशः 9.90 लाख, 9.78 लाख एवं 9.97 लाख (कुल रूपये 29.65 लाख) स्वीकृति हेतु प्रस्तावित किया गया है।
इस अवसर पर भाजपा के अनेक कार्यकर्ताओं सहित, सिंचाई विभाग के एस0ई0 श्री डी0के0 सिंह सहित सम्बन्धित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *